हाईटेंशन तार से छूते ही जलने लगे ट्रॉली में लदे गेहूं के बोझ, फसल जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
हाईटेंशन तार से छूते ही जलने लगे ट्रॉली में लदे गेहूं के बोझ, फसल जलकर राख


मीरजापुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बरबसा गहरवार गांव में रविवार शाम करीब पांच बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदे गेहूं के बोझ में हाईटेंशन तार छू जाने से आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बाल्टी-डिब्बों से पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी।

गांव निवासी किसान चिंतामणि मिश्र शुकुलपुर गांव से कटाई के बाद गेहूं को मड़ाई के लिए अपने घर के पास खलिहान ला रहे थे। जैसे ही ट्रॉली बारीपुर मोहल्ले में प्रवीण तिवारी के घर के पास पहुंची, ऊपर झूल रहे हाईटेंशन तार से गेहूं का बोझ सट गया और उसमें आग लग गई। ट्रॉली में आग लगते ही चालक चीनी कोल ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रॉली को ट्रैक्टर से अलग कर दिया, जिससे ट्रैक्टर आग की चपेट में आने से बच गया।

किसान के अनुसार नीचे लटक रहे बिजली के तार के कारण यह हादसा हुआ, जिससे उनका काफी नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना हल्का लेखपाल को दे दी गई है। थाना प्रभारी भारत सुमन ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story