गेहूं खरीद और भंडारण व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
गेहूं खरीद और भंडारण व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश


मीरजापुर, 21 मई (हि.स.)। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गेहूं खरीद, भंडारण और उठान व्यवस्था की समीक्षा को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जनपद के सभी संस्था प्रभारियों और डिपो प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि गेहूं खरीद के साथ-साथ उसका समय से भारतीय खाद्य निगम को सुपुर्द किया जाए, ताकि क्रय केंद्रों पर अनावश्यक भंडारण की स्थिति न बने। उन्होंने भारतीय खाद्य निगम और एसडब्ल्यूसी को पर्याप्त भंडारण क्षमता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने गैपुरा, मड़िहान, पड़री और मंडी चबूतरा में कुल 10,500 मीट्रिक टन निजी गोदामों की रिक्त क्षमता भंडारण के लिए प्रस्तावित होने की जानकारी दी।

एनएफएसए खाद्यान्न उठान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जून माह का उठान शीघ्र पूरा करने और जुलाई माह के सापेक्ष उठान शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग डिपो से उठान कराया जाए, ताकि एक स्थान पर वाहनों का दबाव न बढ़े।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अन्य मंडलों से बोरों की खेप प्राप्त हो चुकी है और अब बोरों की कोई समस्या नहीं है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बोरों की आपूर्ति नियमानुसार सभी केंद्रों तक सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही डिपो पर पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव कुमार सिंह, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता अमित कुमार पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story