शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल में आग, दो बीघा जलकर राख
मीरजापुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले राजगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर काे एक किसान की मेहनत पर बिजली के शॉर्ट सर्किट ने पानी फेर दिया। मड़ाई के लिए इकट्ठा की गई गेहूं की फसल में आग लगने से करीब दो बीघा फसल जलकर राख हो गई।
राजगढ़ गांव निवासी किसान राजेंद्र यादव ने अपने घर के पास मड़ाई के लिए गेहूं की फसल इकट्ठा कर रखी थी। मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए वह सुबह परिवार व मजदूरों के साथ खेत में पड़ी बाकी फसल भी दरवाजे पर ला रहे थे। इसी दौरान घर के पास लगे बिजली के पोल के केबिल में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और निकली चिंगारी गेहूं के ढेर पर गिर गई, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धू-धू कर गेहूं जलने लगा। धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बाल्टियों से पानी डालकर तथा गेहूं के बोझ को अलग हटाकर आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि तब तक करीब दो बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। पीड़ित किसान ने घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को देकर मुआवजे की मांग की है। गांव में इस घटना से किसानों में चिंता का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

