मीरजापुरः मठना समिति के 1600 क्विंटल गेहूं का हिसाब नहीं, तहरीर के 15 दिन बाद भी मुकदमा नहीं

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुरः मठना समिति के 1600 क्विंटल गेहूं का हिसाब नहीं, तहरीर के 15 दिन बाद भी मुकदमा नहीं


मीरजापुर, 04 नवंबर (हि.स.)। जमालपुर ब्लॉक की मठना साधन सहकारी समिति पर सरकारी गेहूं खरीद के चार महीने बाद भी करीब 1600 क्विंटल गेहूं का हिसाब नहीं मिल सका है। मामले में तहरीर दिए जाने के 15 दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। समिति पर गेहूं उपलब्ध नहीं होने से विभागीय अधिकारियों में हलचल है।

किसानों अखिलेश कुमार, नरेश और पप्पू का आरोप है कि विभागीय अधिकारी आरोपी सचिव को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस विभागीय अधिकारियों को बुला रही है, लेकिन वे उपस्थित नहीं हो रहे हैं। किसानों ने मामले में कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई है।

बताया गया कि मठना साधन सहकारी समिति पर करीब 8535 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी। इसमें लगभग 1600 क्विंटल गेहूं अथवा उसकी कीमत के लाखों रुपये अब तक सरकारी खाते में जमा नहीं हुए हैं। समिति को सील किए जाने के कारण किसानों को धान बेचने के लिए दूसरे क्रय केंद्रों तक कई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ सकती है।

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पीसीएफ के अधिकारियों को बुलाया गया था, लेकिन वे अब तक नहीं पहुंचे हैं। इसी वजह से मुकदमा दर्ज नहीं हो पा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story