सौ वर्ष पुराने कुएं के जीर्णोद्धार की लोगों ने उठाई मांग

WhatsApp Channel Join Now
सौ वर्ष पुराने कुएं के जीर्णोद्धार की लोगों ने उठाई मांग


वाराणसी, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में नदेसर से घोसाबाद मार्ग पर सौ वर्ष पुराना कुआं की स्थानीय लोगों द्वारा जीर्णोद्धार की मांग की गई है। रविवार को नदेसर के विकास समिति से जुड़े लोगों ने कुआं की अति प्राचीन बताते हुए उसके रख रखाव और सुंदरीकरण की मांग उठाई।

विकास समिति के शिव प्रकाश ने बताया कि शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में नदेसर मोड़ पर पेट्रोल पंप के सामने अति प्राचीन कुआं है। यह कुआं 100 वर्ष से ज्यादा पुराना है। कुएं के रखरखाव का काम पहले पड़ोस में रहने वाले लोगों द्वारा किया जाता था। अब यह कुआं रख रखाव के अभाव में खराब स्थिति में आ गया है।

स्थानीय निवासी सच्चिदानंद तिवारी ने बताया कि एक समय ऐसा था जब किसी भी मांगलिक कार्यक्रम की शुरुआत इसी कुएं से हुआ करती थी। आज भी कुएं पर महिलाएं पूजन के लिए आती हैं, फिर भी इसके जीर्णोद्धार को लेकर ना किसी अधिकारी की और ना ही जनप्रतिनिधि की नजर इस कुएं पर पड़ रही है। जबकि इस कुएं के रख रखाव की बेहद आवश्यकता है। इसके लिए सामाजिक संगठन को संबंधित विभाग से भी मांग करनी चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता विनोद गुप्ता ने बताया कि कुआं को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम में दो बार प्रार्थना पत्र गया है। नगर निगम की तरफ से बताया गया है कि बजट की व्यवस्था होने के साथ ही इसका सुंदरीकरण किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story