पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, लगे जिंदाबाद के नारे

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, लगे जिंदाबाद के नारे


पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, लगे जिंदाबाद के नारे


- सुमतिया गांव से गैपुरा चौराहे तक महिलाओं और युवाओं ने किया अभिनंदन, बोलीं दिव्या मित्तल—जनता का सच्चा प्यार ही मेरी पूंजी

मीरजापुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल का शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन शनिवार को विंध्यवासिनी धाम जाते समय जिले की सीमा में प्रवेश करने पर जोरदार स्वागत किया गया। जिगना क्षेत्र के सुमतिया गांव के सामने मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर महिलाओं और स्थानीय लोगों ने माल्यार्पण कर तथा गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान ‘दिव्या मित्तल जिंदाबाद’ के नारों से माहौल गूंज उठा।

लालगंज क्षेत्र के मझियार की ग्राम प्रशासक सुनीता गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण स्वागत के लिए पहुंचे थे। काली प्रसाद गुप्ता, पवन, शिवचंद और दिलीप सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद गैपुरा चौराहे पर भी पूर्व जिलाधिकारी के स्वागत में भीड़ जुटी। आसपास के गांवों से पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। यहां ‘दिव्या मित्तल जिंदाबाद’ और ‘हमारा नेता कैसा हो, दिव्या मित्तल जैसा हो’ के नारे लगाए गए। उन्हें माला पहनाने के लिए लोगों में होड़ लगी रही।

इस दौरान दिव्या मित्तल ने कहा कि वह किसी को बताकर नहीं आई हैं, इसके बावजूद लोगों का स्वागत के लिए उमड़ना उनके प्रति सच्चे प्रेम को दर्शाता है। उन्होंने कहा, सच्चे प्रेम का कोई कारण नहीं होता। आम जनता की सेवा करना मेरा कर्म और धर्म है।

स्वागत कार्यक्रम में जितेंद्र कुमार, पवन दुबे, अरविंद, कपिल चौबे, रत्नेश कुमार और अर्पण पांडेय सहित बड़ी संख्या में युवा व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story