उप्र का मौसम : पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में बदल रहा मौसम, कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
उप्र का मौसम : पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में बदल रहा मौसम, कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट


- 22 जून तक मानसून लखनऊ पहुंचने की संभावना

लखनऊ, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कई जगह आंधी-पानी ओर गरज चमक के साथ बारिश होने के बाद मौसम में खास बदलाव नहीं आया है, बल्कि मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के लगभग 40 जिलों के लिए 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। गरज चमक के साथ हल्की बूंदे पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 18 जून तक उत्तर प्रदेश में मानसून गोरखपुर के रास्ते प्रवेश करेगा और चार दिन बाद 22 जून तक लखनऊ पहुंच जाएगा।

आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि नए विक्षोभ के असर से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बागपत, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा में शुक्रवार को गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर में आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी प्रकार बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कानपुर देहात,कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आस पास के इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून केरल में पहुंचने के बाद अब 18 जून तक उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के रास्ते प्रवेश करेगा। इसके बाद 22 जून तक लखनऊ पहुंचने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story