उत्तर प्रदेश का मौसम : तापमान में वृद्धि से बढे़गी परेशानी, तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश का मौसम : तापमान में वृद्धि से बढे़गी परेशानी, तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना


लखनऊ, 10 मई (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का रुख बदल रहा है। हल्की फुल्की बारिश के बाद अब दिन के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। रविवार को कई जगह 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चलने की संभावना है, जबकि राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में 10 से 14 मई के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव होने से कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ तेज आंधी और बारिश की संभावना है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार यह फेरबदल उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के क्षेत्र में निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण स्थित होने से हो रहा है। मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को झांसी, जालौन, महोबा और ललितपुर प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे हैं। यहां का तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकार्ड किया गया। इनमें प्रयागराज में 36 डिग्री और फुरसतगंज में 35.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। रविवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में मौसम शुष्क और गर्म रहेगा। इनमें लखनऊ-कानपुर-आगरा में उमस बढ़ेगी। जबकि आगरा में अधिकतम तापमान 34 डिग्री, कानपुर और लखनऊ में 36 से 37 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। बांदा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक पहुंच सकता है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के साथ प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण आगामी दो दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के उपरांत प्रदेश के उत्तरी भाग में सम्भावित हल्की वर्षा के बावजूद आगामी एक सप्ताह के दौरान तापमान में 6-8 डिग्री सेल्सियस की प्रभावी वृद्धि होने का अनुमान है। यद्यपि इस दौरान अभी प्रदेश में लू चलने की संभावना नहीं है|

मौसम विभाग ने कानपुर, आगरा और लखनऊ के लिए 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह का मानना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है। ऐसे में बुंदेलखंड, तराई और पूर्वांचल के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

इसी प्रकार उत्तर प्रदेश में 12-14 मई तक जिन जिलों में बारिश-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें मुख्य रूप से अलीगढ़, मेरठ, नोएडा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बदायूं, सिद्धार्थ नगर, सीतानगर, हरदोई, ज्योतिबाफुले नगर, गोंडा, महाराजगंज शामिल हैं। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story