उत्तर प्रदेश में बढ़ी तपिश, अगले पांच दिनों तक कहीं-कहीं लू चलने के बन रहे आसार

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश में बढ़ी तपिश, अगले पांच दिनों तक कहीं-कहीं लू चलने के बन रहे आसार


लखनऊ , 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मौसम में तपिश लगातार बढती जा रही है। सुबह से ही तेज धूप निकलने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित होने लगी है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में गर्म हवाएं चलेंगी। साेमवार काे अधिकतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव के बीच प्रदेश में निचले क्षोभ मंडल में आ रही गर्म हवाओं के साथ आतंरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से उत्तराखंड के तराई भाग को छोड़कर प्रदेश भर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बने रहने के साथ ही आज प्रयागराज, वाराणसी एवं बहराइच में जहाँ उष्ण लहर (लू) की स्थिति बनी वहीं बाराबंकी, सुल्तानपुर, शाहजहांपुर एवं हरदोई में भीषण गर्मी के बीच तापमान विचलन निर्धारित सीमा से मामूली अंतर से कम रहा।

सोमवार को प्रदेश में सबसे गर्म शहर संगम नगरी प्रयागराज रहा, जहां अघिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 रहा। इसी प्रकार प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 41.6 और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। आने वाले दिनों में तापमान में वृद्धि की संभावना जतायी गयी है। वैसे आज दिन मौसम शुष्क रहा और आसमान भी साफ रहा।

मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ के केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी सप्ताह के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहने तथा तापमान में 21 अप्रैल के उपरान्त संभावित बढ़ोत्तरी के दृष्टिगत प्रदेश में आगामी 05 दिनों के दौरान कहीं-कहीं उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना है| इसी क्रम में रात के तापमान भी सामान्य से ऊपर जाने के साथ आगामी 02 दिनों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं कहीं ऊष्ण रात्रि की संभावना है|

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story