उप्र में शुष्क मौसम एवं गर्म पछुआ हवाओं से अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक, बांदा में 44 डिग्री सेल्सियस पार

WhatsApp Channel Join Now
उप्र में शुष्क मौसम एवं गर्म पछुआ हवाओं से अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक, बांदा में 44 डिग्री सेल्सियस पार


पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है

लखनऊ, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क होने के बाद पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि हाे रही है और इसके परिणामस्वरूप गुरुवारकाे कई स्थानों पर 40 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार करने के साथ सामान्य से ऊपर पहुँच गया है। बांदा में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मौमस विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने गुरुवार काे बताया कि प्रदेश में पिछले कई दिनों से सर्वाधिक गर्म रहने के साथ बांदा में आज गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी 2-3 दिनों के दौरान प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने से प्रदेश में आ रही शुष्क पछुआ हवाएँ जारी हैं। इसके साथ कर्नाटक एवं महाराष्ट्र पर बने प्रतिचक्रवात के मध्य भारत की ओर खिसकने से तापमान में मामूली वृद्धि होगी और इसके बाद आगामी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवाओं में परिवर्तन एवं आंशिक बादलों की आवाजाही के परिणामस्वरूप तापमान में थोड़ी कमी आने की संभावना है । उन्होंने बताया कि यद्यपि इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है|

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story