तेजी से बदला उत्तर प्रदेश का मौसम, चार अप्रैल को 50 से अधिक जिलों में वर्षा, कई जगह ओलावृष्टि की संभावना

WhatsApp Channel Join Now

मामूली उतार चढ़ाव के बीच नाै अप्रैल तक मौसम का यही रुख बना रहेगा

लखनऊ, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मौसम में लगातार उतार चढ़ाव हो रहा है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से ही तेज हवायें चल रही हैं और बूंदाबांदी भी हुई है। माैसम का यह रुख चार अप्रैल काे अधिक तेज हाेने की संभावना है। इस दिन वर्षा, ओलावृष्टि, गरज चमक के साथ बाैछारें और 40 से 50 किमी की गति से हवायें चलने का पूर्वानुमान है। हालांकि यह माैसम का यह रुख मामूली उतार चढ़ाव के बीच नाै अप्रैल तक बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदला है, इससे प्रदेश की राजधानी लखनऊ , कानपुर, रायबरेली, हरदोई, नोएडा, गाजियाबाद और आगरा सहित प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और ओलावृष्टि के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। शुक्रवार काे पूरब से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलाें में तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश ने तापमान में गिरावट लाते हुए गर्मी से मामूली राहत दी है लेकिन किसानाें की चिंता बढ़ी हुई है।

एकीकृत प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केंद्र भारत मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ से मिली जानकारी के अनुसार तीन से पांच अप्रैल तक प्रदेश के लगभग 50 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है, विशेषकर पश्चिमी यूपी और राजधानी लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाएं ओर बूंदाबांदी संभावित है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि चार अप्रैल को उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं के चलने का दौर अधिक तेज बना रहेगा। इसके बाद पांच अप्रैल को भी तेज हवाएं, बूंदाबांदी और गरज चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है । पांच व छह अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद सात, आठ व नौ अप्रैल को कहीं कहीं बारिश, गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और 9 अप्रैल से मौसम सामान्य होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

इसी प्रकार पूर्वी उत्तर प्रदेश में तीन, चार व पांच अप्रैल को कई स्थानों वर्षा, गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की गयी है। इन तीन दिनों में सबसे अधिक चार अप्रैल को तेज हवाएं, ओलावृष्टि होने की संभावना जतायी है। इसके बाद छह व सात अप्रैल को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन आठ व नौ अप्रैल को पुन: मौसम अपना रुख बदलेगा और प्रदेश में बारिश, गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए छह से नौ अप्रैल तक किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया है।

किसानाें काे दी गयी सलाह

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की ओर से जारी किये गए माैसम के अलर्ट में प्रदेश के किसानों काे सलाह दी गयी है कि वे अपने खेतों में खुले में फसल न छोड़ें और उसे सुरक्षित स्थान पर रखें। खेताें में फसल छाेड़ने से ओलों और बारिश से खराब हो सकती है। इसी प्रकार इस माैसम में फल व सब्जी वाली फसलाें में किसी प्रकार की दवा न छिड़कने की सलाह दी गयी है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story