उप्र में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक सप्ताह में 10 डिग्री तक बढे़गा तापमान, सुबह रहेगी हल्की धुंध
लखनऊ,22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले एक सप्ताह की अवधि में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना जतायी जा रही है। मौसम विभाग लखनऊ की ओर से मौसम को लेकर यह पूर्वानुमान किया गया है। हालांकि अभी भी अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा और सुबह-सुबह हल्की धुंध बनी रहेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वांचल के कुछ जिलों में शनिवार को दिन भर बादलों की उपस्थिति के साथ हुई हल्की वर्षा के परिणामस्वरूप दिन के अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गयी। इसके अतिरिक्त प्रदेश के अन्य भागों से इसका प्रभाव समाप्त होने के साथ मौसम साफ़ होने से तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में 7 डिग्री सेल्सियस तक की और मध्यवर्ती जिलों में 2-4डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोत्तरी हुई है,लेकिन इसके बावजूद प्रदेश भर में अधिकतम तापमान सामान्य से अभी भी उल्लेखनीय रूप से नीचे है।
अतुल कुमार सिंह वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रभारी एकीकृत प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केंद्र ने बताया कि इस मौसम तन्त्र का प्रभाव 22 मार्च से पूर्णतया समाप्त हो जाने पर अधिकतम तापमान में अगले 5-6 दिनों के दौरान 7-10डिग्री सेल्सियस की क्रमिक व्यापक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। इसी क्रम में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे पहुंच जाने,नमी की प्रचुरता एवं वायुमण्डलीय स्थिरता के परिणामस्वरुप सुबह में कहीं-कहीं हल्की धुन्ध की स्थितियां बन सकती हैं,लेकिन यह धुंध सूर्योदय के साथ ही छंट जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी नहीं दी गयी है। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर 26 और 28 मार्च को जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 मार्च को कई स्थानों पर गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

