फर्रुखाबाद में घना कोहरा और दृश्यता कम हाेने से जनजीवन अस्त व्यस्त

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद में घना कोहरा और दृश्यता कम हाेने से जनजीवन अस्त व्यस्त


-शीत लहर से रोज कमा कर खाने वालों के चूल्हे ठंडे

फर्रुखाबाद, 26 दिसंबर (हि.स.)। जनपद फर्रुखाबाद में लगातार पड़ रहे घने कोहरे और शीतलहर ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई है , जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

फर्रुखाबाद में 19 से 26 दिसंबर के बीच अधिकतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के मध्य रिकार्ड किया गया। आज शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। वर्तमान हालात देखते हुए ​फिलहाल 31 दिसंबर तक मौसम में बदलाव के आसार नहीं हैं। आज सुबह कोहरे के चलते दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और किसानों को खास दिक्कतें झेलनी पड़ीं। कई स्थानों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा, वहीं प्रमुख मार्गों पर यातायात भी प्रभावित रहा। कोहरे का असर रेल और रोडवेज सेवाओं पर भी देखने को मिला।

ठंड बढ़ने से सुबह के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है। रोज कमा कर खाने वाले रिक्शा चालकों के चूल्हे ठंडे पड़ गए। रिक्शा चालक नंदराम, दिनेश बताते है कि शीत लहर की बजह उन्हें पिछले आठ दिन से सवारियां नहीे मिल रही है। जिससे उनके सामने खाने पीने की समस्या हो गई है। हालात यह है कि शाम होते ही लोग जल्दी घरों में दुबकने को मजबूर दिखे। गरीब और असहाय वर्ग के लिए बढ़ती ठंड मुश्किलें खड़ी कर रही है। नागरिकों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव और रैन बसेरों की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कोहरा और ठंड और बढ़ सकती है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि शहर के सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवा दिए गए है। रैन बसेरा भी शुरू करा दिए गए हैे।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story