उप्र के हरदोई, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर और सीतापुर जिले में बारिश-आंधी का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
उप्र के हरदोई, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर और सीतापुर जिले में बारिश-आंधी का अलर्ट


लखनऊ, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज इन दिनों लगातार बदल रहा है। दो दिनों की तेज धूप और बढ़ता पारा एक बार फिर बुधवार को उस वक्त नीचे लुढ़क गया जब तेज आंधी के साथ कानपुर समेत आसपास के कई जिलों में बारिश होने लगी। वहीं, मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों में प्रदेश के तराई वाले हिस्सों में आने वाले हरदोई, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर और सीतापुर जिलों और उनके आसपास स्थानों पर मौसम खराब होने का अलर्ट जारी किया है।

लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि, दो दिन पूर्व ही पश्चिमी विक्षोभ बनने के आसार का पूर्वानुमान जताया गया था। मौसम के इस बदलाव से आज उक्त जिलों में बिजली गिरने के साथ मध्यम गरज-चमक, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज झोंके आने की संभावना है। इसके साथ कई स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ मध्यम बारिश होने का भी अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। मौसम विभाग लखनऊ ने यह चेतावनी दोपहर 12 बजकर 42 मिनट पर जारी की है। जिसकी वैधता आज दोपहर 3 बजकर 42 मिनट तक रहेगी। वहीं मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ समेत आसपास के कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, बाराबंकी, बहराइच जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा-आंधी (50-60 किमी. प्रति घंटा झोके के साथ 80 किमी. के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं प्रतापगढ़, फ़तेहपुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आंबेडकर नगर, अयोध्या, संत कबीर नगर, बस्ती, हरदोई, गोंडा, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन,आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा 30-40 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story