यूपी में फिर बदला मौसम, 26 सितंबर को भारी बारिश के आसार, नदियों के जलस्तर पर भी नजर

WhatsApp Channel Join Now
यूपी में फिर बदला मौसम, 26 सितंबर को भारी बारिश के आसार, नदियों के जलस्तर पर भी नजर


लखनऊ, 23 सितंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के असर से उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर सक्रिय हो गया है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग ने 25 से 27 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ने तथा 26 सितंबर को पूर्वी तराई और आसपास के इलाकों में भारी से अति भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। लगातार बारिश के बीच नदियों के जलस्तर पर भी प्रशासन और सिंचाई विभाग की नजर बनी हुई है।

बुधवार सुबह कानपुर क्षेत्र में करीब 8:30 बजे झमाझम बारिश हुई। सड़कों और गलियों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में पूर्वांचल, तराई और मध्य उत्तर प्रदेश में बारिश का प्रभाव अधिक रह सकता है। 23 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है, जबकि 24 सितंबर से गतिविधियां बढ़ेंगी। 25 से 27 सितंबर के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर व्यापक हो सकता है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मध्य क्षोभमंडल में सक्रिय ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बुधवार से बारिश की गतिविधियां बढ़ने और 28 सितंबर तक मौसम पर इसका असर बने रहने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव के साथ नदियों और नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है। स्थानीय प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने की सलाह दी गई है।

लखनऊ में बारिश के साथ तापमान में गिरावट

राजधानी लखनऊ में बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 24 सितंबर को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और 25 सितंबर को 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। 25 से 27 सितंबर के दौरान लखनऊ में गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर रह सकता है। बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है।

कानपुर में बारिश से बदला मौसम

कानपुर जनपद में बुधवार सुबह हुई तेज बारिश से उमस और गर्मी से राहत मिली। हालांकि कई स्थानों पर जलभराव भी हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, कानपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 24 सितंबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री, जबकि 25 सितंबर को घटकर करीब 31 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। 25 से 27 सितंबर के बीच आंधी, बिजली और बारिश की संभावना के साथ तापमान में और गिरावट आ सकती है।

इन इलाकों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वांचल, तराई, मध्य उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में बारिश हो सकती है। वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, आजमगढ़, बहराइच, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, बाराबंकी, कानपुर, उन्नाव, फतेहपुर और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश तथा गरज-चमक की गतिविधियां संभव हैं। 25 से 27 सितंबर के दौरान बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ने की संभावना है।

नदियों के जलस्तर पर प्रशासन की नजर

पूर्वी तराई, गंगा-यमुना के मैदानी क्षेत्रों और अन्य तटवर्ती जिलों में बारिश के बाद नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव हो सकता है। हालांकि अभी किसी बड़ी नदी के खतरे के निशान के करीब पहुंचने की आधिकारिक सूचना नहीं है लेकिन लगातार बारिश की स्थिति में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ाई जा रही है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने और जलभराव वाले रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story