उप्र में मौसम का बदला मिजाज, लखनऊ में देर शाम हुई तेज बारिश, 12 जिलों में बारिश-आंधी का ऑरेंज अलर्ट
लखनऊ, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में रविवार शाम मौसम ने करवट ली। राजधानी लखनऊ में बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे मौसम सुहाना होने के साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इसी बीच प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन घंटों के दौरान बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
सचेत ऐप से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदोई, सीतापुर और उन्नाव में अगले तीन घंटों में कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने और आंधी-तूफान की संभावना है। वहीं अंबेडकर नगर, बस्ती, गोरखपुर और संत कबीर नगर में भी मध्यम से तेज बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और हापुड़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी लखनऊ में सोमवार को देर शाम को हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव साफ दिखाई दिया। मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।
लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मानसून का असर 24 अगस्त की सुबह तक मुख्य रूप से पूर्वी और तराई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के रूप में जारी रहेगा। इसके बाद पश्चिमी हवाएं चलने से मानसूनी गतिविधियों में कमी आने और बारिश के थमने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

