उत्तर प्रदेश में सात दिन बारिश का दौर, 15 जिलों में अगले तीन घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश में सात दिन बारिश का दौर, 15 जिलों में अगले तीन घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट


लखनऊ, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। प्रादेशिक मौसम केंद्र, लखनऊ की ओर से जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में 21 से 27 अगस्त तक कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, सचेत ऐप से प्राप्त ताजा सूचना के अनुसार अगले 03 घंटों के दौरान प्रदेश के 15 जिलों में मध्यम से तीव्र बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

15 जिलों में अगले तीन घंटे ऑरेंज अलर्ट

सचेत ऐप के अनुसार, औरैया, बदायूं, बरेली, एटा, इटावा, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मैनपुरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सहारनपुर और शामली में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से तीव्र बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

21 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी

प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मौसम पूर्वानुमान के तहत

शुक्रवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की बहुत संभावना है। पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि पूर्वी यूपी में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। 22 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। यहां अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद 23 से 27 अगस्त तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

लखनऊ समेत प्रदेश में मौसम पर नजर

राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है। हालांकि ताजा ऑरेंज अलर्ट में लखनऊ का नाम शामिल नहीं है, लेकिन आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय मौसम प्रणाली को देखते हुए स्थानीय स्तर पर सतर्कता जरूरी है। बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ के नीचे, बिजली के खंभों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसान, यात्री और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें।

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 21 से 27 अगस्त तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ आसपास के राज्यों में भी मौसम सक्रिय रह सकता है। लोगों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा चेतावनियों और अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

मौसम केंद्र के अनुसार, पूर्वानुमान एवं चेतावनी संबंधित दिन सुबह 08:30 बजे से अगले दिन सुबह 08:30 बजे तक प्रभावी रहती है। वहीं, सचेत ऐप की ऑरेंज अलर्ट सूचना अगले 03 घंटों के लिए है। स्थानीय स्तर पर मौसम तेजी से बदल सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story