उत्तर प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून, पश्चिमी यूपी में अगले कुछ दिन बारिश के साथ वज्रपात की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून, पश्चिमी यूपी में अगले कुछ दिन बारिश के साथ वज्रपात की संभावना


लखनऊ, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर वापस सक्रिय हो गया है। राजधानी लखनऊ के मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में मानूसन के सक्रिय होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात होने की संभावना जताई जा रही है। सक्रिय मानसून का असर मंगलवार को बदले मौसम के रूप में देखने को मिला। पश्चिमी क्षेत्र के कई जिलों में बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली।

लखनऊ मौसम में विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 28 जुलाई से 1 अगस्त तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। यहां कई जगहों पर अच्छी बारिश होगी। बारिश का असर तापमान पर भी पड़ेगा। जिसके चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से बदले और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में सक्रिय मानसून के कारण राजधानी लखनऊ, कानपुर और आसपास मध्य उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों में मौसम बदलने वाला है। इससे लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, हरदोई, सीतापुर और लखीमपुर खीरी में रुक-रुक कर बारिश के साथ तेज गर्जना होने की संभावना है। कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद और इटावा में भी तेज बारिश के दौर चल सकते हैं। लगातार बादल छाए रहने और बारिश के कारण गर्मी से राहत मिलेगी तथा तापमान में गिरावट आएगी।

मौसम के सक्रिय होने से नोएडा एनसीआर के इलाकों में रविवार को रुक-रुक कर हो रही बारिश का दौर जारी रहा। इससे यहां बीते कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। गाजियाबाद का भी आलम नोएडा जैसा ही रहा। मंगलवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। यहां 29 जुलाई को भी ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना है। मुजफ्फरनगर में आज चार घंटे से अधिक तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। हालांकि बारिश से हुए जलभराव से लोगों को दिक्कत जरूर हुई लेकिन उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली।

इसी तरह मेरठ, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, सहारनपुर और आसपास के जिलों में अगले दो दिनों में व्यापक बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इन दो दिनों के दौरान वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 30 और 31 जुलाई को भी कई स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है, हालांकि उसकी तीव्रता कुछ कम हो सकती है।

बारिश के चलते उल नदी में आया मगरमच्छ

लखीमपुर खीरी में उल नदी में मगरमच्छ दिखने के बाद वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग के मुताबिक बारिश के चलते नदी में एक बड़ा मगरमच्छ आ गया है, जिसको पकड़ने के लिए लगातार टीम प्रयासरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story