नवरात्र मेला शुरू होने में 48 घंटे शेष, विंध्याचल में युद्धस्तर पर तैयारियां
मीरजापुर, 16 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र मेला शुरू होने में अब मात्र 48 घंटे शेष रह गए हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में स्थित विंध्यधाम में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नगर पालिका प्रशासन, पुलिस, विद्युत, पीडब्ल्यूडी समेत सभी विभाग युद्धस्तर पर व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर 18 मार्च तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने का लक्ष्य रखा गया है।
मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर की रंगाई-पुताई लगभग पूरी हो चुकी है, जबकि सजावट का कार्य तेजी से चल रहा है। मंदिर प्रांगण, एंट्रेंस प्लाजा और परिक्रमा पथ में स्टील व लोहे की बैरिकेडिंग लगाई जा रही है ताकि श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ सके। पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से प्रमुख मार्गों पर टेंट लगाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
नगर पालिका प्रशासन ने मेला क्षेत्र में 200 से अधिक अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की है, जो 24 घंटे सफाई व्यवस्था संभालेंगे। गंगा घाटों दीवान घाट, पक्का घाट और अखाड़ा घाट पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, जाल और चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। साथ ही एसडीआरएफ और गोताखोरों की तैनाती भी की जाएगी। महिलाओं के लिए वस्त्र बदलने के लिए विशेष टेंट लगाए जा रहे हैं।
मेला क्षेत्र में लगभग 180 अस्थायी शौचालय बनाए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन के पास मोबाइल शौचालय की भी व्यवस्था की जाएगी। नगर पालिका की ओर से स्ट्रीट लाइट व एलईडी बल्ब लगाए जा रहे हैं तथा सभी ट्यूबवेल और हैंडपंपों की जांच कराई जा रही है। वहीं विद्युत विभाग ने निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए चार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर तैयार रखे हैं और जर्जर तार व पोल बदलने का कार्य जारी है।
कतार में खड़े भक्तों को होगा आरती दर्शन
जिलाधिकारी के निर्देश पर इस बार नवरात्र के दौरान कतार में खड़े श्रद्धालुओं को भी मां की आरती का दर्शन कराया जाएगा। इसके लिए गेट नंबर दो के पास बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए जा रहे हैं, जिन पर 24 घंटे मां की आरती का सीधा प्रसारण होगा, जिससे दूर खड़े भक्त भी आरती के दर्शन कर सकेंगे।
जर्मन हैंगर पंडाल में होगा विंध्य महोत्सव
पर्यटन विभाग की ओर से रोडवेज बस स्टैंड परिसर में जर्मन हैंगर वाटरप्रूफ पंडाल लगाया जा रहा है। लगभग 100×120 फीट के इस पंडाल में नौ दिनों तक देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
श्रद्धालुओं के लिए बनेगा अस्थायी रैन बसेरा
रेलवे स्टेशन से आने वाले श्रद्धालुओं के आराम के लिए विंध्य विद्या पीठ इंटर कॉलेज परिसर में अस्थायी रैन बसेरा बनाया जा रहा है। यहां महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग टेंट लगाए जाएंगे। साथ ही जिला पूर्ति विभाग की ओर से कम दाम में पूड़ी-सब्जी की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

