मच्छरों के खिलाफ ‘जंग’ की शुरुआत, डीएम ने दिलाई शपथ, रैली को दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
मच्छरों के खिलाफ ‘जंग’ की शुरुआत, डीएम ने दिलाई शपथ, रैली को दिखाई हरी झंडी


मीरजापुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। संचारी रोगों के खिलाफ जिले में ‘जंग’ का आगाज बुधवार को जोरदार तरीके से हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कर्मचारियों को शपथ दिलाकर जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से निकली यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंडलीय चिकित्सालय तक पहुंची। इस दौरान लोगों को डेंगू, मलेरिया समेत अन्य वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया गया।

रैली की खास बात यह रही कि नगरपालिका परिषद और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फॉगिंग व एंटी-लार्वा मशीनों का लाइव प्रदर्शन किया, जिससे लोगों को समझाया गया कि मच्छरों के प्रजनन को कैसे रोका जा सकता है। साथ ही पम्पलेट बांटकर स्वच्छता और मच्छरदानी के उपयोग पर जोर दिया गया।

इस मौके पर सीएमओ डा. सी.एल. वर्मा, डा. लालजी गौतम (नोडल वेक्टर जनित रोग), जिला मलेरिया अधिकारी संजय कुमार द्विवेदी समेत कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए जनसहयोग बेहद जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story