लखनऊ में मंदिर की दीवार झुग्गी पर गिरी, मलबे में दबकर तीन माह के मासूम की मौत

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ में मंदिर की दीवार झुग्गी पर गिरी, मलबे में दबकर तीन माह के मासूम की मौत


लखनऊ, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में स्थित एक मंदिर की जर्जर दीवार गुरुवार को अचानक गिर गई। दीवार का मलबा बगल में बनी झुग्गी पर जा गिरा और उसमें सो रहे तीन माह के अबोध बच्चे की दबकर मौत हो गई।

एसीपी अलीगंज सर्किल शशिकांत मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में पुराना हनुमान मंदिर है। मंदिर की एक जर्जर दीवार आज अचानक ढह गई। दीवार का मलबा पास बनी झुग्गी पर जा गिरा, जहां एक तीन महीने का मासूम सो रहा था। दीवार के मलबे में बच्चे के दबने से परिजन और क्षेत्रीय लोग मदद के लिए पहुंचे। इस सूचना पर थाना पुलिस भी कुछ समय में मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू कराते हुए मलबे में दबे बच्चे को निकलवाया। गंभीर हालत में बच्चे को नजदीकी अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए केजीएमयू रेफर किया, जहां इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई। बच्चे रूपलाल की मौत के बाद से मां संध्या, पिता गजोधर एवं बाबा मेवालाल गमजदा है।

फिलहाल थाना पुलिस हादसे की जांच शुरू करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story