वडनगर से वाराणसी पहुंचने वाले सेवा यात्रियों का स्वागत करेंगी 51 महिलाएं, पूजा दीक्षित करेगी नेतृत्व

WhatsApp Channel Join Now
वडनगर से वाराणसी पहुंचने वाले सेवा यात्रियों का स्वागत करेंगी 51 महिलाएं, पूजा दीक्षित करेगी नेतृत्व


वाराणसी, 04 अक्टूबर (हि. स.)। शहर के सिगरा स्थित भारतीय जनता पार्टी के महानगर कार्यालय में रविवार को हुई बैठक में 07 अक्टूबर को गुजरात के वडनगर से वाराणसी पहुंचने वाले सेवा संकल्प यात्रियों के भव्य स्वागत की योजना बनाई गई, जिसमें यह तय हुआ कि काशी विश्वनाथ धाम जाते समय सेवा संकल्प यात्रियों का स्वागत 51 महिलाएं सिर पर कलश लेकर करेंगी और सेवा यात्रियों के आगे-आगे चलेंगी। इसका नेतृत्व पार्टी की महानगर महामंत्री पूजा दीक्षित करेंगी।

भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने पत्रकारों को बताया कि 07 अक्टूबर को गुजरात के वडनगर से चलकर वाराणसी में 500 सेवा यात्री पहुंच रहे हैं। सेवा यात्रियों के स्वागत के लिए एक वृहद जनसभा आयोजित की गई है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा मौजूद रहेंगे।

प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि छह अक्टूबर को सेवा यात्रियों का काशी पहुंचने का क्रम शुरू हो जाएगा। बाइक यात्रियों का काशी की गरिमा के अनुरूप भव्य स्वागत किया जाएगा। सेवा संकल्प बाइक यात्रा में शामिल बाइकर्स के स्वागत के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वागत प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के बीच पुष्प वर्षा कर यात्रियों का स्वागत करेंगे। सात अक्टूबर की सुबह सभी बाइक यात्री सम्पूर्णानंद विश्वविद्यालय में एकत्र होंगी। यहां महिला मोर्चा की कार्यकर्ता तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत करेंगी। इसके बाद यात्री बस से मैदागिन चौराहे पहुंचेंगे और वहां से पद यात्रा कर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेंगे।

काशी विश्वनाथ धाम जाते समय 51 महिलाएं सिर पर कलश लेकर सेवा यात्रियों के आगे चलेंगी। इसकी जिम्मेदारी महानगर महामंत्री पूजा दीक्षित को दी गई है। बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के बाद यात्री मैदागिन से बस द्वारा रोहनिया स्थित गोकुल धाम पहुंचेंगे। बैठक में मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय, सपना सिंह, मीनू मौर्या, कांति दीक्षित, रिंकी सरोज, सपना सिंह, वंदना श्रीवास्तव सहित तमाम प्रमुख महिला कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story