उप्र विधान मंडल का 30 अप्रैल को विशेष सत्र, नारी सशक्तिकरण पर होगी अनवरत चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
उप्र विधान मंडल का 30 अप्रैल को विशेष सत्र, नारी सशक्तिकरण पर होगी अनवरत चर्चा


लखनऊ, 29 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश विधान मंडल का विशेष सत्र 30 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। इस विशेष सत्र में नारी सशक्तिकरण (महिला आरक्षण) को लेकर चर्चा की जाएगी। एक दिवसीय सत्र से पूर्व बुधवार को उप्र विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक हुई है। वहीं विधान परिषद के सभापति कुंअर मानवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कार्य परामर्शदात्री समिति की बैठक भी की गयी।

संसद में महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के पारित नहीं हो पाने के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश सरकार इस विशेष सत्र में सकारात्मक चर्चा करेगी। उप्र सरकार गुरुवार को आयोजित इस सत्र में विपक्ष को कटघरे में खड़ा करेगी। भाजपा नीत एनडीए सरकार आम जन तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास कर रही है कि संसद में महिला आरक्षण विधेयक को समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों ने पारित नहीं होने दिया है। इसी कड़ी में यह सत्र आहूत किया गया है। सरकार ने पारी सशक्तिकरण (महिला आरक्षण) के मुद्दे पर विशेष चर्चा कराने के लिए विधान मंडल का विशेष सत्र बुलाया है। सरकार इस सत्र में महिला आरक्षण पर अपनी स्थिति स्पष्ट करेगी। सरकार ने इस विषय पर चर्चा के लिए पूरी तैयारी की है। वहीं विपक्ष भी सदन के अंदर से लेकर बाहर तक भाजपा को घेरने की योजना में है। विधान परिषद ने विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है कि नारी सशक्तिकरण विषय पर इस सत्र में अनवरत चर्चा की जाएगी। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story