मतदाता सूची में नाम छूटे तो बीएलओ की खैर नहीं, डीएम ने दी कार्रवाई की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची में नाम छूटे तो बीएलओ की खैर नहीं, डीएम ने दी कार्रवाई की चेतावनी


फर्रुखाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने वाले बूथ लेबिल अधिकारियों (बीएलओ) की अब जवाबदेही तय होगी। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि, जिन बूथों पर जनसंख्या के अनुपात में पात्र मतदाताओं का पंजीकरण अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलेगा, वहां संबंधित बीएलओ के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और प्राप्त फार्मों का डिजिटाइजेशन समयसीमा में पूरा करने में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।

शनिवार को जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ कमालगंज के प्राथमिक विद्यालय रजीपुरा और फतेहगढ़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। डीएम ने बूथवार प्रगति की समीक्षा करते हुए बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण, फार्मों की प्राप्ति और डिजिटाइजेशन की स्थिति पूछी।

उन्होंने निर्देश दिए कि बीएलओ घर-घर सर्वेक्षण कर पात्र युवाओं को चिह्नित करें और उनका पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।

प्राथमिक विद्यालय रजीपुरा में जिलाधिकारी ने फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अवलोकन किया। फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के वितरण एवं प्राप्ति की जानकारी लेकर उन्होंने कहा कि भरे हुए फार्मों का डिजिटाइजेशन तत्काल किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक लंबितता नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक बूथ पर जनसंख्या के सापेक्ष मतदाताओं की संख्या का विश्लेषण कर ईपी रेशियो में सुधार लाया जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि अभियान में केवल औपचारिकता पूरी करने से काम नहीं चलेगा, पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल होना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि पुनरीक्षण कार्य में उदासीनता या लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाने के लिए पूरी पारदर्शिता से काम किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

मतदान केंद्र के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय रजीपुरा की शैक्षिक व्यवस्था भी परखी। बच्चों से संवाद कर पढ़ाई और सुविधाओं की जानकारी ली। प्रधानाध्यापिका शबाना अंजुम को कक्षाओं में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और शिक्षण सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बच्चों की नियमित शैक्षिक प्रगति का आकलन और मध्याह्न भोजन योजना में निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। सर्दी में बच्चों को निर्धारित यूनिफॉर्म में विद्यालय भेजने के लिए अभिभावकों को जागरूक करने को भी कहा।

विद्यालय परिसर और मुख्य द्वार के आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिशासी अधिकारी को दिए।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story