मतदाता सूची में नाम जुड़ने की खुद करें पुष्टि, फॉर्म 06 भरकर बनें मतदाता : सुरेंद्र मैथानी

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची में नाम जुड़ने की खुद करें पुष्टि, फॉर्म 06 भरकर बनें मतदाता : सुरेंद्र मैथानी


कानपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की पुष्टि प्रत्येक नागरिक को स्वयं करनी चाहिए। पहले फॉर्म जमा कर चुके लोग भी यह मानकर न चलें कि उनका नाम सूची में जुड़ गया है। पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और नाम न होने पर फॉर्म-06 भरकर मतदाता बनने की प्रक्रिया पूरी करें। यह अपील शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक सुरेंद्र मैथानी ने क्षेत्र के नागरिकों से की।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने शनिवार काे विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर वहां चल रही मतदाता पंजीकरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और सुपरवाइजर से मुलाकात कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने तथा फॉर्म जमा कराने की प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। लोगों ने व्यवस्था को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं होने की बात कही।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के नाम कट गए थे। पहले नाम जुड़वाने के लिए जरूरी दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया को लेकर लोगों को परेशानी होती थी, लेकिन अब व्यवस्था को पहले की अपेक्षा आसान बनाया गया है। इसलिए सभी पात्र नागरिकों को अपनी मतदाता पहचान और सूची में दर्ज नाम की स्थिति की जांच जरूर करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के तहत ज्ञान निकेतन स्कूल शास्त्री नगर, श्रमिक कल्याण भवन के 12 बूथ और ठाकुर विशंभर नाथ बालिका विद्यालय के 15 बूथ समेत अन्य मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद हैं। शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बीएलओ मतदाता सूची लेकर बूथों पर बैठे हैं। नागरिक इन केंद्रों पर पहुंचकर सूची में अपना नाम देख सकते हैं और नाम दर्ज नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पहले भी फॉर्म भरकर बीएलओ को जमा किया था, वे भी एक बार सूची में अपना नाम जरूर देख लें। केवल आवेदन जमा कर देने से नाम जुड़ने की पुष्टि नहीं हो जाती। किसी कारणवश आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं होने या नाम दर्ज न होने की स्थिति में दोबारा आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा नागरिक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से भी मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं।

विधायक ने सभी पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने और अपने नजदीकी मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में नाम सुनिश्चित करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष अजय राय, दीपक राजपूत, अरुण दुबे, संतोष सिंह, रंजीत कुमार और रोहित कुमार आदि मौजूद रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story