अमृत तालाब में नहाते समय युवक डूबा,मौत
वाराणसी,26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के चोलापुर क्षेत्र के औरा गांव स्थित अमृत तालाब में मंगलवार को नहाते समय एक युवक फिसल कर गहरे पानी में डूब गया। जब तक उसे निकाला जाता उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर क्षेत्रीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से युवक के शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
मिली जानकारी के अनुसार औरा गांव निवासी रामचंदर अग्रहरी का भाई प्रेमचंद अग्रहरी सुबह लगभग सात बजे गांव के अमृत तालाब (पोखरा) में नहाने गया था। नहाते समय गहराई का अंदाज न होने के कारण वह डूब गया। तालाब के किनारे मौजूद लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। तब तक पुलिस भी वहां पहुंच गई। इस दौरान वहां ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। लोगों की मदद से युवक को बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृत युवक के भाई रामचंदर ने बताया कि थाने में उचित कार्रवाही के लिए तहरीर भी दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

