वाराणसी : वरूणा नदी में कूदे युवक का शव मिला
वाराणसी,24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में सारनाथ थाना क्षेत्र के नक्खीघाट पुल से वरूणानदी में कूदे युवक का शव दूसरे दिन मंगलवार को वरूणा कॉरिडोर के किनारे उतराया मिल गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सारनाथ थाना पुलिस के अनुसार, सारनाथ पुराना पुल पुलिस चौकी क्षेत्र के दीनदयालपुर निवासी सूरज राजभर (20)पुत्र चंद्रबली राजभर सोमवार तड़के साइकिल से नक्खीघाट पुल पहुंचा। पुल के किनारे साइकिल खड़ी करने और चप्पल निकालने के बाद सूरज न3 वरूणा नदी में छलांग लगा दी। कुछ देर बाद आसपास के लोगों की नजर साइकिल और चप्पल पर पड़ी तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पीआरबी के जवानों ने पूछताछ करते हुए पहचान की। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर आ गए। नदी में कूदे युवक के पिता ने पूछताछ में बताया कि बेटा सूरज अपनी मां की मौत के बाद से मानसिक रूप से बीमार रहता था। उसका इलाज भोजूबीर इलाके के एक चिकित्सक के यहां चल रहा था। पुलिस ने एसडीआरएफ व एनडीआरएफ टीम को मौके पर बुलवाया। टीम ने पूरे दिन वरूणा नदी में युवक की तलाश में सर्च आपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आज सुबह उसका शव मिल गया। पुलिस अग्रिम कार्रवाई की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

