अर्जेंटीना के जेवियर नतालियो ने काशी के योगायतन इंटरनेशनल में सीखा भारतीय योग और संस्कृति का ज्ञान

WhatsApp Channel Join Now
अर्जेंटीना के जेवियर नतालियो ने काशी के योगायतन इंटरनेशनल में सीखा भारतीय योग और संस्कृति का ज्ञान


पाँच दिवसीय प्रवास के दौरान योग, ध्यान, प्राणायाम एवं भारतीय जीवन दर्शन का किया गहन अध्ययन

वाराणसी, 20 नवंबर (हि.स.)। भारतीय योग, अध्यात्म एवं संस्कृति की वैश्विक पहचान को विस्तार देने में काशी की संस्था योगायतन इंटरनेशनल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में अर्जेंटीना से आए जेवियर नतालियो ने 14 से 20 नवंबर तक योगायतन इंटरनेशनल में प्रवास कर भारतीय योग परंपरा, ध्यान, प्राणायाम एवं भारतीय संस्कृति का गहन अध्ययन किया।

पाँच दिवसीय प्रवास के दौरान जेवियर नतालियो ने योगायतन इंटरनेशनल के मार्गदर्शक एवं योगाचार्य योगेश पाण्डेय के निर्देशन में योग, ध्यान और प्राणायाम की विभिन्न विधाओं का अभ्यास किया। इस दौरान उन्हें योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चिंतन, योग दर्शन और पारंपरिक जीवन पद्धति के विविध पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्होंने भारतीय जीवन मूल्यों, अनुशासन, आत्मचिंतन तथा संतुलित जीवनशैली को भी करीब से समझा।

उल्लेखनीय है कि योगायतन इंटरनेशनल की स्थापना योगऋषि डॉ. राकेश पाण्डेय ने योग, अध्यात्म एवं मानव कल्याण के उद्देश्य से की थी। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन योग-साधना, समाजसेवा और निःशुल्क योग प्रशिक्षण के माध्यम से लोगों को स्वस्थ शरीर एवं शांत मन का संदेश देने के लिए समर्पित किया। उनके शिष्य एवं पुत्र योगेश पाण्डेय अपने पिता के विचारों, आदर्शों और योग-साधना की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका प्रयास है कि योग को केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित न रखते हुए उसके मानसिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को भी वैश्विक स्तर पर स्थापित किया जाए।

योगायतन इंटरनेशनल में अपने प्रवास के अनुभवों को साझा करते हुए जेवियर नतालियो ने यहां मिले योग प्रशिक्षण, आध्यात्मिक मार्गदर्शन और भारतीय संस्कृति से परिचय को बेहद सुखद एवं यादगार बताया। उन्होंने इस दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभवों की सराहना की।

जेवियर नतालियो का यह प्रवास भारतीय योग परंपरा की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता और भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा के प्रति विदेशों में बढ़ती रुचि का उदाहरण है। साथ ही यह काशी की आध्यात्मिक विरासत और भारतीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के प्रयासों को भी नई पहचान देता है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780182 Articles

Share this story