श्रावण मास के पहले सोमवार को यदुवंशी समाज करेंगा बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
श्रावण मास के पहले सोमवार को यदुवंशी समाज करेंगा बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक


—केदारघाट से चंद्रवंशी गोप सेवा समिति,शीतलाघाट से काशी विश्वनाथ दल और सुशील सिनेमा गोदौलिया से जलाभिषेक यात्रा निकलेगी

वाराणसी, 02 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के पहले सोमवार को उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी से हजारों यादव बंधु परम्परागत रूप से जलाभिषेक यात्रा निकाल कर बाबा विश्वनाथ के दरबार में बाबा विश्वनाथ सहित शहर के प्रमुख शिवालयों में बाबा का जलाभिषेक करेंगे। रविवार को इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई। यह जानकारी काशी विश्वनाथ दल के अध्यक्ष जंत्रलेश्वर यादव ने रविवार को दी।

उन्होंने बताया कि समाज के लोग काशीवासियों के साथ परम्परागत रूप से शीतला घाट से गंगाजल भरकर बाबा विश्वनाथ का मंदिर के गर्भगृह में जलाभिषेक करते चले आये हैं। इसी क्रम में तीन अगस्त सोमवार को पूर्वांह 09 बजे यदुवंशी समाज पूर्व की भांति शीतलाघाट पर इकटठा होकर सर्वप्रथम माँ गंगा का पूजन अर्चन कर कलश में जल भरेगा। यहां माँ शीतला का जलाभिषेक कर पुनः शीतला घाट से जल भरकर गंगा तट से दशाश्वमेध स्थित डेढ़सी पुल से होते हुए ढुंढ़ीराज गणेश का पूजन कर माँ अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन करते हुए दल बाबा विश्वनाथ मंदिर में पहुंच कर जलाभिषेक करेगा। इसके बाद ज्ञानवापी से निकल कर बांसफाटक पर स्व. तेजू सरदार के शारदा कॉम्प्लेक्स पर फलाहार वितरण के बाद इस कार्यक्रम का समापन किया जायेगा।

जंत्रलेश्वर यादव ने दावा किया कि अंग्रेजी हुकूमत के समय से यदुवंशी समाज काशी में बाबा विश्वनाथ सहित प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक करता चला आ रहा है। जिसमें काशी विश्वनाथ दल के संस्थापक अब स्मृतिशेष तेजू सरदार के साथ वर्ष 1952 से यदुवंशी समाज शीतला घाट से जल भरकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करता आ रहा है।

इसी क्रम में गोवर्धन पूजा समिति के बैनर तले अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू के नेतृत्व में गोदौलिया स्थित सुशील सिनेमा के पास यादव बंधु जुटेंगे और दशाश्वमेधघाट पर गंगा स्नान के बाद गगरे में गंगा जल भर कर शोभायात्रा की शक्ल में बाबा विश्वनाथ धाम जाएंगे और बाबा का जलाभिषेक करेंगे। इस क्रम में चंद्रवंशी गोप सेवा समिति के बैनर तले यादव बंधु परंपरागत रूप से केदारघाट पर जुटेंगे।

समिति के अध्यक्ष लालजी यादव के अगुवाई में यहां गंगा स्नान के बाद यादवबंधु गौरी केदारेश्वर का जलाभिषेक कर समिति की 84वीं जलाभिषेक यात्रा धूमधाम से निकालेंगे। लालजी यादव के अनुसार, जलाभिषेक यात्रा की शुरुआत सुबह 7:30 बजे केदार घाट से होगी। केदारघाट से यह यात्रा तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगी। यहां तिलभांडेश्वर का जलाभिषेक के बाद यात्रा शीतला घाट पहुचेंगी। यहां गगरे में गंगाजल भरकर माता शीतला और मान मंदिर घाट स्थित अहिलेश्वर महादेव का यादव बंधु जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद दल श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेगी। बाबा विश्वनाथ धाम के पश्चिमी द्वार से यादवबंधु मंदिर में प्रवेश करेंगे। यहां यादव बंधुओं का 21 सदस्यीय दल मंदिर के गर्भगृह और बाकी लोग मंदिर के बाहर से जलाभिषेक और दर्शन करेंगे। इसके पश्चात काशी विश्वनाथ धाम से महामृत्युंजय महादेव, त्रिलोचन महादेव, ओंकारेश्वर महादेव तथा अंत में लाटभैरव बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन होगा।

लालजी यादव के अनुसार, जलाभिषेक यात्रा में 40 हजार से अधिक यादव बंधु परम्परागत रूप से गगरा में गंगाजल भरकर शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story