भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का वाराणसी के सीमा में पुष्पवर्षा के बीच स्वागत
—कड़ाके की ठंड और गलन के बावजूद कार्यकर्ता स्वागत के लिए डटे रहे,प्रदेश अध्यक्ष ने मार्कंडेय महादेव धाम में लगाई हाजिरी
वाराणसी, 07 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बुधवार की रात भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का पहली बार आगमन हुआ। कड़ाके की ठंड और गलन के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। वाराणसी-गाजीपुर सीमा स्थित कैथी टोल प्लाजा से लेकर सर्किट हाउस तक प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
स्वागत मार्ग पर शंखनाद, डमरू वादन, ढोल-नगाड़ों की थाप और पुष्पवर्षा के बीच कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। चौबेपुर के कैथी क्षेत्र में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, राज्यसभा सांसद व काशी क्षेत्र प्रभारी अमरपाल मौर्य तथा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल के नेतृत्व में अजगरा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं के साथ मार्कंडेय महादेव धाम में दर्शन-पूजन कर हाजिरी लगाई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष को शाम पांच बजे वाराणसी पहुंचना था, किंतु मार्ग में विभिन्न स्थानों पर हुए स्वागत कार्यक्रमों के कारण उनके आगमन में कई घंटे का विलंब हुआ। इसके बावजूद कार्यकर्ता अलाव जलाकर स्वागत के लिए डटे रहे। पूरे मार्ग को पार्टी के झंडों, बैनरों और पताकाओं से सजाया गया था। जगह-जगह हजारों की संख्या में स्वागत होर्डिंग्स लगाई गई थीं।
कैथी में विधायक त्रिभुवन राम, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम, राम प्रकाश सिंह ‘बीरू’, सुभाष सिंह, लक्ष्मण सिंह, मंजित सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। पंकज चौधरी सफेद रंग की गाड़ी के रूफ टॉप पर खड़े होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते रहे। उनके साथ भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल भी मौजूद रहे।
संदहा चौराहे पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, आशापुर चौराहे पर प्रदेश मंत्री शंकर गिरी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रकाश दुबे, महानगर सीमा में प्रवेश पर महापौर अशोक तिवारी और भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष का काफिला जैसे ही वाराणसी महानगर की सीमा में प्रवेश किया, स्वागत का सिलसिला चलता रहा।
आशापुर फ्लाईओवर के नीचे महापौर अशोक तिवारी, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि एवं महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने स्वागत किया। पहड़िया चौराहे पर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, ई. अशोक यादव और बृजेश चौरसिया मौजूद रहे। काली मंदिर पांडेयपुर पर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के नेतृत्व में राहुल सिंह, साधना वेदांती, रचना अग्रवाल आदि ने स्वागत किया।
पुलिस लाइन चौराहे पर शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के साथ आलोक श्रीवास्तव, आत्मा विश्वेश्वर, नीरज जायसवाल ने प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। कचहरी चौराहे पर कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अशोक चौरसिया, अशोक पटेल, अभिषेक मिश्रा, अनिल श्रीवास्तव, एडवोकेट अशोक जाटव उपस्थित रहे। सर्किट हाउस गेट पर शिवनाथ यादव, केदारनाथ सिंह, डॉ. वीणा पांडेय, रामगोपाल मोहले, संजय राय, मृदुला जायसवाल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, सुधीर मिश्रा, मधुकर चित्रांश, अरविंद सिंह आदि ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

