अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर आदि योगी की नगरी काशी हुई योगमय,घरों से लेकर गंगा घाटों तक योगाभ्यास

WhatsApp Channel Join Now
अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर आदि योगी की नगरी काशी हुई योगमय,घरों से लेकर गंगा घाटों तक योगाभ्यास


अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर आदि योगी की नगरी काशी हुई योगमय,घरों से लेकर गंगा घाटों तक योगाभ्यास


—डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 'ॐ' के उच्चारण और मंत्रों की गूंज के साथ लोगों ने किया सामूहिक योगवाराणसी, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को आदियोगी भगवान शिव की नगरी काशी पूरी तरह योगमय नजर आई। घरों, गंगा घाटों, सार्वजनिक पार्कों, नावों, बजड़ों, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों तथा शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों के थानों तक योग की बयार बहती रही। उदयाचलगामी सूर्य को नमन कर लोगों ने सूर्य नमस्कार किया और विभिन्न योगासनों के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। योग के इस महाअभियान में आधी आबादी (महिलाएं) भी पीछे नही रही। जिलेभर में लाखों लोगों ने विभिन्न स्थलों पर सामूहिक एवं व्यक्तिगत योगाभ्यास किया।

शहर के सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में योग दिवस का सबसे बड़ा आयोजन हुआ। सूर्योदय की लालिमा के बीच ‘ॐ’ के उच्चारण और वैदिक मंत्रों की गूंज के साथ सामूहिक योग उत्सव का शुभारंभ हुआ। आनंद-कानन के नाम से विख्यात काशी में आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में हजारों नागरिकों ने एक साथ प्राणायाम और विभिन्न योगासनों का अभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। सुबह छह बजे से पहले ही स्टेडियम में योग मैट, पेयजल, स्वच्छता तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई थीं।

इसी क्रम में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के खेल मैदान में राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे तथा आयुष मंत्रालय के सहयोग से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी, उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल तथा जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने भी सहभागिता की और योग के महत्व पर प्रकाश डाला। वाराणसी पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। पुलिस आयुक्त ने सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त, तीनों जोन के डीसीपी, एसीपी सहित अन्य अधिकारी भी योगाभ्यास करते नजर आए। वहीं शहर के सभी थानों में थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों ने योग दिवस पर विशेष सत्र आयोजित किए। पुलिस उपमहानिरीक्षक ने भी अपने कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया।

दूसरी ओर, गंगा तट पर आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों में विदेशी पर्यटकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। वेदपाठी बटुकों के साथ विदेशी सैलानी योग साधना करते दिखाई दिए, जिससे भारतीय योग परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का संदेश मिला। वहीं, रेलवे पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में जीआरपी के जवानों और अधिकारियों ने वाराणसी जंक्शन परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। काशी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्साह पौ—फटने से लेकर सुबह आठ बजे तक देखने को मिला। शिव की नगरी, जिसे अनादि काल से 'आनंद-कानन' (आनंद का वन) कहा जाता है ने एक बार फिर योग के माध्यम से विश्व को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story