विश्व पर्यावरण दिवस : डुमराव बाग अस्सी के तुलसी पार्क में पौधरोपण,पौधों के संरक्षण पर जोर
वाराणसी, 04 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर गुरूवार को सामाजिक संस्था नई सुबह एक उम्मीद ने एक पौधा उम्मीद का, एक कदम हरियाली से जलवायु परिवर्तन की ओर थीम के अंतर्गत नगवा वार्ड में जन जागरूकता अभियान चलाया। वार्ड के अस्सी डुमराव बाग कॉलोनी स्थित तुलसी पार्क में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के लिए अलख भी जगाई।
पौधरोपण अभियान में भाजपा की पार्षद माधुरी सिंह, पूर्व पार्षद रविंद्र सिंह ने भी भागीदारी की। पूर्व पार्षद रविन्द्र सिंह ने लोगों को जागरुक करते हुए बताया कि प्रतिवर्ष 05 जून को मनाया जाने वाला विश्व पर्यावरण दिवस हमें याद दिलाता है कि धरती का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस वर्ष की थीम भूमि पुनर्स्थापन, मरुस्थलीकरण और सूखा प्रतिरोध के अनुरूप संस्था ने हरियाली बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन से लड़ने का संकल्प लिया है। संस्था अध्यक्ष ममता ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत अगस्त माह तक शहर के कई स्थानों पर 1100 पौधे लगाए जाएंगे । आज इस अभियान के तहत आम, अमरूद, पीपल, बरगद, हरसिंगार, शहतूत, अशोक, जामुन व गुलाब जैसे छायादार, फलदार एवं औषधि युक्त पौधे लगाएं गए। महिला उत्थान क्षेत्र स्तरीय समिति की अध्यक्ष संध्या पांडेय ने कहा कि तेजी से बदलते जलवायु चक्र और बढ़ते तापमान को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। और लगाए गए पौधों का संरक्षण करना होगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। संस्था द्वारा क्षेत्रीय लोगों को नि:शुल्क पौधे भी वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक विजय कुमार, मोहम्मद अनीस, विजय सिंह, रवि कुमार, सुमित बिंद, करम भारती पूजा देवी, पायल सिंह आदि ने भागीदारी की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

