वाराणसी में 25 हजार करोड़ के मेगा रोड प्रोजेक्ट पर भाजपा का जश्न,मनाया उत्सव

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में 25 हजार करोड़ के मेगा रोड प्रोजेक्ट पर भाजपा का जश्न,मनाया उत्सव


- 89 किमी. एलिवेटेड रोड नेटवर्क, गंगा-वरुणा कॉरिडोर और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को बताया काशी के विकास का नया अध्याय

वाराणसी,15 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय कैबिनेट ने काशी के लिए लगभग 25,000 करोड़ रूपये की लागत वाले मेगा रोड प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। बुधवार शाम इसकी जानकारी पाते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के काशी क्षेत्र कार्यालय में जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की गूंज के बीच कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी तथा प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार जताया।

काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने इस निर्णय को काशी के विकास के इतिहास में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह परियोजना शहर की आधारभूत संरचना को नई पहचान देगी। चौरसिया ने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी से काशी में 89 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड नेटवर्क का निर्माण होगा, जिससे शहर की वर्षों पुरानी जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी।

इसके साथ ही गंगा कॉरिडोर और वरुणा कॉरिडोर का निर्माण होने से शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन सुगम होगा और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से शहर तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी विकसित होगी। वहीं काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज होगी। इससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में काशी लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। विश्वनाथ धाम, नमो घाट, रोपवे, रिंग रोड और अन्य विकास परियोजनाओं के बाद यह मेगा रोड प्रोजेक्ट काशी के आधुनिक शहरी विकास को नई दिशा देगा। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके समर्थन में नारे लगाए और कहा कि काशी के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार की यह अब तक की सबसे महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं में से एक है। ढोल-नगाड़ों की थाप, बैंड-बाजे और मिठाई वितरण के बीच कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए इसे काशी के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताया।

बैठक में जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, डॉ उत्तम ओझा, मीडिया सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर, सुरेंद्र पटेल, अनिल श्रीवास्तव, अमित राय, संजय सोनकर, अरविंद प्रधान आदि मौजूद रहे।

परंपरा के साथ 'प्रगति' की मिसाल बनेगी नई काशी : डॉ. दयालु

भारत सरकार के कैबिनेट द्वारा वाराणसी के लिए 25,000 करोड़ रूपये के मेगा रोड प्रोजेक्ट को मंजूरी दिए जाने पर प्रदेश के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने इसे 'विकसित काशी' की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रही है। आज कैबिनेट ने 89 किमी एलिवेटेड रोड नेटवर्क, गंगा कॉरिडोर और वरुणा कॉरिडोर को मंजूरी देकर बाबा की नगरी को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की सबसे बड़ी सौगात दी है। यह प्रोजेक्ट केवल सड़कें नहीं बना रहा, बल्कि काशी की आस्था, स्वास्थ्य और पर्यटन को नई गति देगा। एयरपोर्ट से काशी विश्वनाथ धाम और नमो घाट तक सुगम कनेक्टिविटी से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा होगी। ट्रैफिक जाम से राहत मिलने से प्रदूषण कम होगा और लोगों का जीवन आसान होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story