उत्तर प्रदेश विधानमंडल की संयुक्त समिति ने वाराणसी में निर्माणाधीन परियोजनाओं की ली जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश विधानमंडल की संयुक्त समिति ने वाराणसी में निर्माणाधीन परियोजनाओं की ली जानकारी


—समीक्षा बैठक में परियोजनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा

वाराणसी, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानमंडल की संयुक्त समिति सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम ने सोमवार को यहां स्थानीय सर्किट हाउस सभागार में विभिन्न विभागों और जनपद की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में शामिल समिति की सभापति मनीषा अनुरागी तथा सदस्य गौरीशंकर वर्मा, मनीष रावत, महेंद्र नाथ यादव, गौरी शंकर वर्मा ने परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेने के बाद कार्यदायी संस्था के अफसरों से वहाँ सीसीटीवी कैमरे लगाने और जनपद स्तर पर एक कंट्रोल रूम स्थापित करने पर बल दिया।

सदस्यों ने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। जिन परियोजनाओं में धन की आवश्यकता है उन्हें शासन को पत्र भेजकर प्रेषित कर अवश्य सूचित किया जाए। बैठक में परियोजनाओं की अद्यतन फोटोग्राफ ही प्रस्तुत की जाए। परियोजना के लिए नामित नोडल निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण करते रहें। कहा कि कार्यदाई संस्थाएं निर्माणाधीन विकास कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान दे। समिति ने कहा कि निर्माण कार्यों में बेवजह लेटलतीफ़ी न की जाए। कार्यदायी संस्थाएं तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्यों को पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। सड़क चौड़ीकरण में होने वाली पेड़ों की कटाई के बाद यदि अगल-बगल वृक्षारोपण के लिए जगह ना हो तो डिवाइडर के अलावा भी नए स्थान चिह्नित कर वृक्ष लगाने के लिए डीएफओ स्वाति को निर्देशित किया। समिति ने कहा कि वृक्षारोपण में अधिकतर फलदार वृक्ष को ही प्राथमिकता दी जाए। समिति ने पर्यटन विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं के सही आंकड़े प्रस्तुत न करने पर जिलाधिकारी के माध्यम से रिपोर्ट माँगी। जिलाधिकारी ने समिति के विभिन्न निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।

सभापति ने निर्देश दिए कि सेतु निर्माण के साथ-साथ एप्रोच मार्गों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने को भी कहा गया। समिति ने जनपद में निर्माणाधीन पुलों की क्रमवार समीक्षा की।

बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, डीएफओ स्वाति, एडीएम प्रशासन विपिन कुमार भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story