वाराणसी में खिली धूप तो गंगातट पर बढ़ी रौनक,धुंध और कोहरे से राहत

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में खिली धूप तो गंगातट पर बढ़ी रौनक,धुंध और कोहरे से राहत


—बच्चे और युवा पतंगबाजी में जुटे

वाराणसी,11 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी सहित पूर्वांचल के जिलों में रविवार को खिली धूप से लोगों को घने कोहरे और गलन से राहत मिली। वाराणसी में अलसुबह ही भगवान सूर्य के उदय होने के साथ गंगातट पर चहल—पहल बढ़ गई। सुबह सुबहे बनारस के आध्यात्मिक सौंदर्य को निहारने के लिए पर्यटक नौकायन करते दिखे। तो स्थानीय लोग और पर्यटक भी घाटों पर धूप की गरमाहट लेते रहे। जिले में पिछले तीन—दिनों से दिन में धूप निकलने से लोग राहत महसूस कर रहे है। बीते शनिवार को भी मौसम सामान्य बना रहा। शाम को गलन भरी हवाओं का जोर रहा। रविवार को पूर्वांह दस बजे वाराणसी का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम दस डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हवा की रफ्तार 06 किमी प्रतिघंटा और नमी 63 फीसद रही। दिन में भी अधिकतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9—10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, हालांकि अलग-अलग स्रोतों में कुछ अंतर है। मौसम साफ है लेकिन हल्की ठंड महसूस हो रही है। माना जा रहा है कि अगले दिनों में तापमान में और गिरावट के साथ कड़ाके की सर्दी लौट सकती है।

आसमान के साफ होने के बाद अब आने वाले दिनों में घने कोहरे की संभावना बढ़ गई है। घने कोहरे और गलन के प्रभाव से जनजीवन एक बार फिर प्रभावित हो सकता है। फिलहाल मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप ही मौसम का चक्र चल रहा है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार पाकिस्तान में सक्रिय नए पश्चिमी विक्षोभ के पंजाब और हरियाणा के रास्ते आगे बढ़ने से उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव दर्ज किया गया है। पछुआ हवाओं में नमी का स्तर घटने से पश्चिमी से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मौसम व‍िभाग के अनुसार पछुआ हवाओं का जोर बना रहा तो आने वाले तीन द‍िनों में बादलों की सक्र‍ियता भी नजर आ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story