वाराणसी : मां ने रील देखने से मना किया तो बेटी ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के सिगरा थानांतर्गत लल्लापुरा मोहल्ले में गुरुवार को सोशल मीडिया की लत ने एक और मासूम की जान ले ली। मोबाइल पर लगातार रील्स देखने से मां द्वारा रोके जाने से क्षुब्ध 18 वर्षीय पूजा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। अचानक हुई इस दुखद घटना से जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं सोशल मीडिया में भी लोग इस घटना को लेकर चिंतित है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लल्लापुरा में किराए के मकान में रहने वाले हनुमान प्रसाद की बेटी पूजा पिछले कई दिनों से घंटों मोबाइल फोन पर रील्स देखने में व्यस्त रहती थी। गुरुवार को जब मां ने उसे पढ़ाई व अन्य कार्यों पर ध्यान देने का हवाला देते हुए टोका, तो वह नाराज होकर अपने कमरे में चली गई। गुस्से में आकर उसने अंदर से कुंडी बंद कर ली और गैस सिलेंडर के सहारे पंखे से फंदा बांधकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब पिता हनुमान प्रसाद घर लौटे और दरवाजा खटखटाया, तो कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी चेतगंज शुभम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और स्वजनों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की अग्रिम जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story