बाल दिवस पर वामा खेलोत्सव-2026 के विजेता बच्चों को एडीजी जोन ने किया सम्मानित
—खेलों के महत्व, अनुशासन, परिश्रम, आत्मविश्वास और टीम भावना का दिया संदेश
वाराणसी, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को वाराणसी के नमोघाट पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त एवं अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने वामा खेलोत्सव-2026 के विजेता बच्चों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को प्रशस्ति पत्र और उपहार प्रदान कर उनकी खेल प्रतिभा एवं उपलब्धियों की सराहना की।
गौरतलब है कि वामा खेलोत्सव के अंतर्गत बीते 20 सितंबर को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता बच्चों को बाल दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया गया। सम्मानित करने से पूर्व एडीजी जोन ने सभी बच्चों से आत्मीयतापूर्वक मुलाकात की, हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया और उनसे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर नवीन अरोरा ने बच्चों को खेलकूद के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, परिश्रम, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने विजेता एवं प्रतिभागी बच्चों को भविष्य में भी खेलकूद सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
—इन बच्चों ने हासिल किए पुरस्कार
वामा खेलोत्सव के अंतर्गत आयोजित दौड़ प्रतियोगिताओं में विभिन्न वर्गों के विजेता बच्चों को सम्मानित किया गया।
40 मीटर दौड़ (बालक वर्ग): कृष ने 10 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
40 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग): आयांशी ने 13 सेकंड में दौड़ पूरी कर बाजी मारी।
50 मीटर दौड़ (बालक वर्ग): शाश्वत ने 15 सेकंड में प्रथम स्थान हासिल किया।
50 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग): श्रेया ने 16 सेकंड में दौड़ पूरी कर जीत दर्ज की।
100 मीटर दौड़ (बालक वर्ग): यश सिंह ने 17 सेकंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
100 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग): तान्या सिंह ने 19 सेकंड में दौड़ पूरी कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिताओं में शामिल अन्य सभी बच्चों को भी उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन देना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी वाराणसी सत्येन्द्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) किरीट राठोड, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल तथा पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

