वाराणसी के सिंधुरिया कॉलोनी में जलजमाव से जल्द मिलेगी मुक्ति,स्टॉर्म वाटर लाइन की होगी सफाई

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी के सिंधुरिया कॉलोनी में जलजमाव से जल्द मिलेगी मुक्ति,स्टॉर्म वाटर लाइन की होगी सफाई


-नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, दिया ट्रेंचलेस विधि से पाइप डालने का निर्देश

वाराणसी,04 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम प्रशासन ने बुनियादी समस्याओं के निस्तारण की रूपरेखा तैयार कर ली है। बुधवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के विभिन्न इलाकों का सघन निरीक्षण कर उसके निस्तारण के लिए मातहत अफसरों को दिशा—निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने मोढ़ैला और चांदपुर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही सिंधुरिया कॉलोनी में वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने जलनिगम (ग्रामीण) को निर्देशित किया कि सड़क के दूसरी ओर ट्रेंचलेस विधि (बिना सड़क खोदे) से पाइप डाली जाए। इसके साथ ही सर्विस रोड पर 610 मीटर लंबी सर्विस लाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में होने वाले जलजमाव का स्थायी समाधान निकालना है। नगर आयुक्त ने मोढ़ैला क्षेत्र के स्टॉर्म वाटर लाइन का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टॉर्म वाटर लाइन के साथ-साथ सभी चैंबरों की तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा नाले में पड़े मलबे (डिब्रीज) को हटाने के लिए भी निर्देशित किया। चांदपुर से लहरतारा तक की स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई में तेजी लाने को कहा गया है ताकि आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व जल निकासी व्यवस्था सुचारू हो सके।

—​​मड़ौली से केराकतपुर तक बनेगा नया ड्रेनेज प्रोजेक्ट

​नगर आयुक्त ने सीएंडडीएस के नाले के नए प्रोजेक्ट की भी समीक्षा की। वर्तमान में इस बड़े नाले का डीपीआर तैयार किया जा रहा है, जो मड़ौली और चांदपुर होते हुए सीधे केराकतपुर तक जाएगा। इस ड्रेनेज सिस्टम के बनने से शहर के एक बड़े हिस्से की निकासी समस्या दूर हो जाएगी। निरीक्षण के दौरान जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, अधिशासी अभियंता आशीष सिंह, केके सिंह, कमल सिंह और सीएंडडीएस के योगेश गुप्ता सहित अन्य अफसर भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story