शास्त्री-आचार्य उपाधिधारकों के लिए टीजीटी-पीजीटी की राह होगी आसान, शिक्षक भर्तियों में पात्रता हाेगी स्पष्ट

WhatsApp Channel Join Now
शास्त्री-आचार्य उपाधिधारकों के लिए टीजीटी-पीजीटी की राह होगी आसान, शिक्षक भर्तियों में पात्रता हाेगी स्पष्ट


-शास्त्री को स्नातक और आचार्य को स्नातकोत्तर के समकक्ष मानते हुए शिक्षक भर्तियों में पात्रता स्पष्ट करने की शासन की पहल, चयन आयोग को भेजा गया पत्र

वाराणसी, 19 नवम्बर (हि. स.)। संस्कृत शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों के लिए उत्तर प्रदेश शासन की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी की शास्त्री एवं आचार्य उपाधियों की शैक्षिक समकक्षता तथा संस्कृत विषय की टीजीटी और पीजीटी शिक्षक भर्तियों में इन उपाधियों की मान्यता एवं ग्राह्यता स्पष्ट करने की दिशा में शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई है। इस पहल से पारंपरिक संस्कृत शिक्षा प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के लिए शिक्षक भर्ती में अवसरों का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद जगी है।

माध्यमिक शिक्षा विभाग की सचिव किंजल सिंह ने 13 नवम्बर, 2026 को माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-05 के माध्यम से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को पत्र भेजा है। पत्र में सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय की शास्त्री (संस्कृत) उपाधि धारकों को विज्ञापन संख्या 07/2026 के अंतर्गत सहायक अध्यापक (संस्कृत) पद के लिए आवेदन करने में आ रही कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए भर्ती विज्ञापन में आवश्यक संशोधन किए जाने का विषय उठाया गया है। शासन की इस पहल का उद्देश्य शास्त्री एवं आचार्य उपाधियों की शैक्षिक स्थिति को स्पष्ट करना और पारंपरिक संस्कृत शिक्षा प्राप्त अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुरूप शिक्षक भर्ती में अवसर उपलब्ध कराने का रास्ता सुगम बनाना है। शास्त्री को स्नातक (बीए) तथा आचार्य को स्नातकोत्तर (एमए) के समकक्ष मान्यता के आधार पर पात्रता संबंधी स्थिति स्पष्ट होने से संस्कृत के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क कार्यालय ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल पारंपरिक संस्कृत शिक्षा को आधुनिक रोजगार की संभावनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे वर्षों से संस्कृत का अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों की शैक्षिक योग्यता को उचित पहचान मिलने के साथ उनके सामने रोजगार के नए अवसर खुलने की संभावना है।

कुलपति ने शासन के प्रति जताया आभार

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने शासन की इस सकारात्मक पहल के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल प्राचीन ज्ञान-विज्ञान की अमूल्य धरोहर नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, जीवन-मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना का आधार भी है। संस्कृत के विद्यार्थियों को उनकी अर्जित शैक्षिक योग्यता के अनुरूप सम्मान, पहचान और अवसर मिलना अत्यंत आवश्यक है।

कुलपति ने कहा कि शासन की यह पहल संस्कृत शिक्षा की प्रतिष्ठा को मजबूत करने के साथ ही इससे जुड़े विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे दूरदर्शी एवं सकारात्मक निर्णयों से संस्कृत शिक्षा को नई ऊर्जा मिलेगी और देववाणी संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन तथा व्यापक प्रसार का संकल्प और अधिक सशक्त होगा।

उन्हाेंने कहा कि शासन की यह पहल महज उपाधियों की समकक्षता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पारंपरिक संस्कृत शिक्षा की गरिमा, उसके विद्यार्थियों की वर्षों की साधना और उनकी शैक्षिक उपलब्धियों को उचित सम्मान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779606 Articles

Share this story