सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश-पंजीकरण की बढ़ी तिथि

WhatsApp Channel Join Now
सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश-पंजीकरण की बढ़ी तिथि


- शास्त्री एवं आचार्य प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को 27 सितंबर तक मिलेगा अवसर

वाराणसी,24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शास्त्री प्रथम सेमेस्टर एवं आचार्य प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के प्रवेश-पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी गई है। गुरूवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि अब विद्यार्थी 27 सितंबर 2026 तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से अपना प्रवेश-पंजीकरण पूर्ण कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, कुछ विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए पंजीकरण तो कराया था, लेकिन तकनीकी कारणों से आवेदन-पत्र पूर्ण नहीं कर सके थे। ऐसे विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण एवं प्रवेश की प्रक्रिया के लिए अतिरिक्त अवसर प्रदान किया गया है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिशन कॉलेज एडमिशन पोर्टल 2026-27 → न्यू रजिस्ट्रेशन के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। आवेदन करने से पूर्व विद्यार्थियों को प्रवेश निर्देशिका में दिए गए नियमों एवं दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करने तथा अपनी पात्रता के अनुसार विषयों का चयन करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रवेश के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि शास्त्री प्रथम सेमेस्टर एवं आचार्य प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की तिथि 27 सितंबर 2026 तक ही बढ़ाई गई है। इसके बाद प्रवेश के लिए कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित अवधि में प्रवेश आवेदन-पत्र पूर्ण करने तथा आवश्यक अभिलेखों के साथ अपने संबंधित महाविद्यालय में जमा करने की अपेक्षा की गई है। प्रवेश-पंजीकरण शुल्क 200 रुपये निर्धारित है।

छात्र कल्याण संकाय प्रमुख प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे बढ़ाई गई तिथि का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश-पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की शैक्षणिक सुविधा एवं हितों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु और सुलभ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यार्थियों को अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय से अपना आवेदन पूर्ण कर देना चाहिए, ताकि तकनीकी अथवा अन्य किसी कारण से उन्हें असुविधा न हो।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story