विश्व कुराश चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर काशी लौटीं प्रीति पटेल, हुआ भव्य स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
विश्व कुराश चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर काशी लौटीं प्रीति पटेल, हुआ भव्य स्वागत


विश्व कुराश चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर काशी लौटीं प्रीति पटेल, हुआ भव्य स्वागत


वाराणसी, 11 नवंबर (हि.स.)। विश्व कुराश चैंपियनशिप 2026 में कांस्य पदक जीतकर काशी का मान बढ़ाने वाली जिले के मथुरापुर भरथरा गांव की बेटी प्रीति पटेल के बुधवार को गृह जनपद पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। कजाकिस्तान में 04 से 09 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रीति ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

प्रीति पटेल के काशी आगमन पर रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के कोरौता चौराहे पर भाजपा के जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल के नेतृत्व में उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने कहा कि प्रीति पटेल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर कांस्य पदक जीतकर न केवल अपने गांव और क्षेत्र, बल्कि पूरे वाराणसी जनपद का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। प्रीति की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने प्रीति के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिलेगा।

स्वागत समारोह में भाजपा जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम, पार्टी नेता उमाशंकर पटेल, जगदीश जायसवाल, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी 'सुमित', सोशल मीडिया जिला संयोजक ओमप्रकाश पटेल, कोच अजित पटेल, अजय पटेल सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775506 Articles

Share this story