एनआई एक्ट के लंबित मामलों का 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत में होगा निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
एनआई एक्ट के लंबित मामलों का 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत में होगा निस्तारण


वाराणसी, 16 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के क्रम में आगामी 21 नवंबर को जनपद न्यायालय, वाराणसी में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) से संबंधित लंबित वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी के सचिव राजीव मुकुल पाण्डेय ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत के आयोजन का उद्देश्य एनआई एक्ट से जुड़े मामलों का त्वरित, सुलभ और किफायती समाधान उपलब्ध कराना है। लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से विवादों का निस्तारण होने से न केवल न्यायिक प्रक्रिया सरल होती है, बल्कि पक्षकारों के बीच आपसी सौहार्द और सद्भाव भी बना रहता है।

उन्होंने जनपद के समस्त वादकारियों से अपील की है कि एनआई एक्ट से संबंधित अपने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए 21 नवंबर को आयोजित विशेष लोक अदालत में उपस्थित होकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवाद समाप्त करने का लाभ उठाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778255 Articles

Share this story