कार्यकर्ताओं का दुख-दर्द बांटने वाराणसी पहुंचे अखिलेश यादव, दिवंगत पदाधिकारी के परिजनों से करेंगे मुलाकात
वाराणसी, 03 नवंबर (हि. स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार अपराह्न वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट से अखिलेश यादव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शहर के लिए रवाना हो गए। पार्टी नेताओं के अनुसार, अखिलेश यादव का यह दौरा कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में शामिल होने और उनका हालचाल जानने के उद्देश्य से है।
अपने दौरे के दौरान वह जिले के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह दिवंगत पार्टी पदाधिकारी राजेश यादव के परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। बताया गया कि पार्टी के सक्रिय पदाधिकारी राजेश यादव का हाल ही में निधन हो गया था। अखिलेश यादव उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाएंगे। इसके अलावा वह बीमार और दुर्घटनाओं में घायल पार्टी कार्यकर्ताओं का भी हालचाल लेंगे। इस क्रम में वह गंभीर रूप से बीमार चल रहे कार्यकर्ता सतीश फौजी से भी मुलाकात करेंगे।
समाजवादी पार्टी के वाराणसी जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के दुख-दर्द में सहभागी बनने के लिए वाराणसी आए हैं। दौरे के दौरान वह कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे और उनकी समस्याओं एवं परिस्थितियों की जानकारी लेंगे।अखिलेश यादव के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उनके स्वागत के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर तैयारियां की गई हैं। कार्यकर्ता अपने नेता की एक झलक पाने और उनसे मुलाकात करने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

