गहन विचारक एवं संवेदनशील इंसान थे जलेश्वर उपाध्याय
—वरिष्ठ पत्रकार को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
वाराणसी, 21 मार्च (हि.स.)। वरिष्ठ पत्रकार और चिंतक जलेश्वर उपाध्याय के निधन पर शनिवार को काशी पत्रकार संघ में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां पत्रकारों और बुद्धिजीवियों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में वक्ताओं ने जलेश्वर उपाध्याय के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि वे केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि गहन विचारक और संवेदनशील इंसान थे। उन्होंने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में ‘गांडीव’, ‘आज’, ‘अमर उजाला’ और ‘अमृत प्रभात’ जैसे समाचार पत्रों में कार्य करते हुए समाज के विभिन्न मुद्दों को मुखरता से उठाया।
जलेश्वर हमेशा सत्यनिष्ठा और निष्पक्षता के साथ पत्रकारिता करते रहे। उनके लेखन में समाज के प्रति गहरी संवेदना और स्पष्ट दृष्टिकोण झलकता था।
वक्ताओं ने कहा कि जीवन के अंतिम वर्षों में पत्नी और बेटी के असमय निधन के बाद वे एकाकी जीवन व्यतीत कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने विचारों और लेखन के माध्यम से समाज से जुड़ाव बनाए रखा। उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि जलेश्वर उपाध्याय की कमी पत्रकारिता जगत में लंबे समय तक महसूस की जाएगी। अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। शोक सभा में काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र, महामंत्री जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष योगेश गुप्त, बीबी यादव, डॉ अत्रि भारद्वाज, वरिष्ठ पत्रकार रमेश राय, आशीष बागची आदि की मौजूदगी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

