वाराणसी शिवपुर में अधेड़ महिला ने अपार्टमेंट के सातवीं मंजिल से कूद कर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी शिवपुर में अधेड़ महिला ने अपार्टमेंट के सातवीं मंजिल से कूद कर दी जान


वाराणसी, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शिवपुर थानाक्षेत्र के केन्द्रीय कारागार रोड स्थित अवध अपार्टमेंट के सातवीं मंजिल से रविवार को बंदोबस्त अधिकारी की पत्नी ने छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना पाकर शिवपुर पुलिस के साथ अफसर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार सेंट्रल जेल मार्ग पर स्थित अवध अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल के एक फ्लैट में सुल्तानपुर जिले में तैनात चकबंदी विभाग के बंदोबस्त अधिकारी पंकज कुमार परिवार व बच्चों के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी सीमा सिन्हा (50) इन दिनों डिप्रेशन की शिकार थी। उनका इलाज शिवपुर क्षेत्र के एक चिकित्सक के यहां चल रहा था। सीमा सिन्हा तड़के अपने कमरे के रेलिंग को फांदकर नीचे कूद गई। महिला को जमीन पर गिरा देख कर गार्ड ने शोर मचाया। आनन-फानन में वहां जुटे लोगों ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी नीचे आए और पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में मृत महिला के पति पंकज कुमार ने बताया कि पिछले कई वर्षों से सीमा का डिप्रेशन का इलाज चल रहा था। शिवपुर थाना प्रभारी के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अन्य पहलुओं पर मामले की जांच हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story