डाला छठ पर शास्त्री घाट में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
डाला छठ पर शास्त्री घाट में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया उद्घाटन


वाराणसी, 14 नवंबर (हि.स.)। डाला छठ महापर्व के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से वाराणसी में आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शनिवार को शास्त्री घाट पर शुभारंभ हुआ। प्रदेश के राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। ‘10 वर्षों में विकास हुआ बेमिसाल’ थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की पिछले दस वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

कचहरी स्थित वरुणा पुल के नीचे शास्त्री घाट पर आयोजित प्रदर्शनी में 60 से अधिक डिस्प्ले लगाए गए हैं। इनके माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों और संचालित जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी में आधारभूत संरचना, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, रोजगार, किसान कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और गरीबों के उत्थान से जुड़ी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।

प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ ही जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। चित्रों, सूचनात्मक पैनलों और आकर्षक डिस्प्ले के माध्यम से आगंतुक प्रदेश में हुए विकास कार्यों को करीब से जान और समझ सकेंगे। छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शनी से पर्व में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को भी प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

उद्घाटन के बाद राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न डिस्प्ले के माध्यम से प्रस्तुत विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखद भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। डबल इंजन सरकार ने सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर आमजन के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है, ताकि लोग सरकार की उपलब्धियों से परिचित होने के साथ ही विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story