वाराणसी : शारदीय नवरात्र के महाअष्टमी तिथि पर पूजा पंडालों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : शारदीय नवरात्र के महाअष्टमी तिथि पर पूजा पंडालों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब


बंगीय पंडालों में ढाक की थाप और धुनुची नृत्य ने बांधा समां, चेतगंज में 50 फीट ऊंची प्रतिमा और लेजर शो बना आकर्षण का केंद्र

वाराणसी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी में शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर रविवार शाम ढलते ही दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मां दुर्गा के दर्शन और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजे पंडालों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग परिवार और बच्चों के साथ सड़कों पर निकले। देर शाम से लेकर रात तक पंडालों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर भीड़ बढ़ती गई। कई प्रमुख मार्गों और गलियों में आवागमन प्रभावित रहा।

शहर के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। हथुआ मार्केट, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बाबा मच्छोदरनाथ और जैतपुरा स्थित बागेश्वरी देवी के पंडालों में विशेष सजावट और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, लक्सा, जंगमबाड़ी, सोनारपुरा, भेलूपुरा, शिवाला, गोदौलिया, मैदागिन, चौक, बीएचयू, चेतगंज, नई सड़क, अर्दली बाजार, नदेसर, शिवपुर, चांदपुर, मंडुवाडीह और लहरतारा समेत शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित पूजा पंडालों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।

—बंगीय पंडालों में ढाक की थाप पर झूमे श्रद्धालु

सोनारपुरा, बंगाली टोला और पांडेय हवेली के बंगीय दुर्गा पूजा पंडालों की रौनक देखते ही बन रही थी। यहां पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों के बीच मां दुर्गा की आराधना की गई। ढाक की गूंज और धुनुची नृत्य ने उत्सवी माहौल को खास बना दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान कलाकारों के साथ स्थानीय लोग भी भक्ति और उल्लास में झूमते नजर आए।

सिगरा स्थित भारत सेवा आश्रम संघ और लक्सा स्थित रामकृष्ण मिशन में आयोजित हवन में शामिल होने तथा धार्मिक अनुष्ठानों के दर्शन के लिए बंगीय समुदाय के लोगों की बड़ी संख्या पहुंची। तीन दिवसीय दुर्गा पूजनोत्सव के दूसरे दिन पंडालों में बढ़ती भीड़ को व्यवस्थित करने में पुलिसकर्मियों और पूजा समितियों के सदस्यों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

——चेतगंज की 50 फीट ऊंची प्रतिमा बनी आकर्षण

काशी के कई पूजा पंडाल अपनी अनूठी सजावट और भव्य प्रतिमाओं के कारण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। भेलूपुरा, पांडेय हवेली और जंगमबाड़ी के पंडालों में स्थापित जीवंत प्रतिमाओं को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। वहीं, चेतगंज में मां दुर्गा की 50 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा और लेजर शो से जगमगाता पंडाल लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। महाअष्टमी के अवसर पर शहर की गलियों और प्रमुख मार्गों को रंग-बिरंगी झालरों तथा आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। रात में रोशनी से नहाई काशी की सड़कों पर उत्सव का नजारा देखने के लिए लोग देर रात तक घूमते रहे। श्रद्धालुओं में मां दुर्गा के दर्शन के साथ पंडालों की भव्य सजावट देखने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

——सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क

पूजा पंडालों और सड़कों पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए है। प्रमुख पंडालों के आसपास वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे। पुलिसकर्मी और पूजा समितियों के स्वयंसेवक भीड़ को नियंत्रित करने तथा व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।

महाअष्टमी पर काशी के दुर्गा पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़, पारंपरिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक आयोजनों और आकर्षक विद्युत सजावट ने पूरे शहर को भक्तिमय उत्सवी रंग में रंग दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763238 Articles

Share this story