यौन शोषण के आरोप से घिरे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
यौन शोषण के आरोप से घिरे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष


बोले—संतों के सम्मान पर आंच बर्दाश्त नहीं,बदनाम करने का प्रयास

वाराणसी, 24 फरवरी (हि.स.)। यौन शोषण के आरोप में घिरे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मिले। केदारघाट स्थित विद्या मठ में शंकराचार्य से मिलकर आशीर्वाद लेने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने संत समाज के सम्मान और सनातन परम्परा की रक्षा को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि संतों के सम्मान पर आंच बर्दाश्त नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनियोजित साजिश के तहत भगवान शंकराचार्य को बदनाम करने का प्रयास भाजपा सरकार कर रही है। शंकराचार्य का अपमान पूरे सनातन धर्म का अपमान है। शंकराचार्य भगवान के स्वरूप हैं। हम काशीवासी और कांग्रेसजन उनके साथ डटकर खड़े हैं। उनका अपमान हम सब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को यह याद रखना चाहिए कि तानाशाही ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है। जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका माकूल जवाब देगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि संतों और धर्माचार्यों की गरिमा को ठेस पहुंचाना भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परम्परा के खिलाफ है। काशी सदियों से संत परम्परा की पवित्र भूमि रही है, जहां संतों का सम्मान सर्वोपरि माना जाता है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर तथ्य और प्रमाण के साथ जनता के बीच सच्चाई रखेगी। पार्टी इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत के साथ लड़ेगी और संत समाज के सम्मान पर कोई समझौता नहीं करेगी। इस दौरान पार्टी के स्थानीय जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, पूर्व अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, प्रजानाथ शर्मा, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story