वाराणसी शहर के सभी 276 पार्कों का होगा कायाकल्प

WhatsApp Channel Join Now

—वीडीए, आवास विकास और स्मार्ट सिटी के पार्क भी सर्वे में शामिल

वाराणसी, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के शहरी इलाकों में स्थित पार्कों, खेल के मैदानों और खुली जगहों के संरक्षण की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है।

प्रदेश शासन के निर्देश पर निगम ने शहर के सभी 276 पार्कों और खेल मैदानों की प्रारंभिक सूची तैयार कर इसे सार्वजनिक कर दिया है। इसका मुख्य उद्देश्य इन सार्वजनिक स्थलों का संरक्षण, सूचीकरण और विधि सम्मत प्रबंधन सुनिश्चित करना है।

गुरूवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि के इस सूची में नगर निगम के अलावा वीडीए, आवास विकास, जिला उद्यान अधिकारी/हॉर्टिकल्चर विभाग व स्मार्ट सिटी के पार्क भी शामिल किया गया हैं। जिन पार्कों का अभी तक औपचारिक रूप से निगम को हस्तांतरण नहीं हुआ है, उनका प्रशासनिक नियंत्रण और स्वामित्व फिलहाल उनके मूल विभागों के पास ही रहेगा।

उन्होंने बताया कि नगर निगम के उद्यान विभाग द्वारा जारी सूची के प्रकाशन की तिथि से 90 दिनों के भीतर कोई भी नागरिक या संस्था अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करा सकता है। इसके लिए जलकल कार्यालय (कक्ष संख्या 17) स्थित निगम उद्यान विभाग में संपर्क किया जा सकता है । प्राप्त आपत्तियों पर मंडलायुक्त (विहित प्राधिकारी) द्वारा सुनवाई की जाएगी, जिसके बाद ही सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

—अवैध कब्जे व रख-रखाव पर नजर

नगर आयुक्त ने बताया कि यह पूरी कवायद उत्तर प्रदेश पार्क, खेल का मैदान और खुली जगह (संरक्षण एवं विनियमन) अधिनियम, 1975 के तहत की जा रही है। इससे शहर की कीमती जमीनों पर होने वाले अवैध कब्जों को रोकने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस सूची के प्रकाशन से पार्कों की वर्तमान स्थिति और उनके क्षेत्रफल का सटीक डेटाबेस तैयार हो सकेगा। उन्होंने बताया कि भेलूपुर (अस्सी) क्षेत्र स्थित 1680 वर्ग मीटर में फैले तुलसी वाटिका उद्यान (डुमरांव कॉलोनी) जैसे प्रमुख पार्कों का जल्द सुंदरीकरण व सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा ।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story