वाराणसी: ज्ञान कूप और नागकेसर मिश्रित जल से हुआ बाबा विश्वनाथ का महा-जलाभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: ज्ञान कूप और नागकेसर मिश्रित जल से हुआ बाबा विश्वनाथ का महा-जलाभिषेक


—सावन के तीसरे सोमवार पर विश्वनाथ गली व्यवसायी संघ ने किया बाबा का जलाभिषेक

वाराणसी, 17 अगस्त (हि.स.)। पवित्र सावन मास के तीसरे सोमवार को धर्म नगरी काशी में पौराणिक अनुष्ठान देखने को मिला। लोक मान्यताओं के अनुसार श्रावण माह के सोमवार पर नागपंचमी वाले विशेष दिन नागकेसर मिश्रित जल शिवलिंग पर अर्पित करने से कालसर्प दोष से मुक्ति मिलती है और ज्ञान-कूप के जल के उपयोग से ज्ञान की वृद्धि होती है।

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विश्वनाथ गली व्यवसायी संघ के सदस्यों ने परंपरानुसार श्रावण मास के तीसरे सोमवार को लोक कल्याण की कामना से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया।

जलाभिषेक से पूर्व संघ के सदस्य दशाश्वमेध चितरंजन पार्क पर इकट्ठा हुए। डमरू की निनाद और हर-हर महादेव की गूंज के साथ संघ के सैकड़ों सदस्यों और महिला श्रद्धालुओं का जत्था जल पात्र लेकर विश्वनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान किया। इस जलाभिषेक यात्रा में अन्नपूर्णा मठ मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज और शहर दक्षिणी के विधायक व प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी भी शामिल हुए। जलाभिषेक के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में ज्ञान कूप (ज्ञानवापी कूप) के पवित्र जल में नागकेसर मिश्रित करके, उसमें काशी के पंचतीर्थ का जल मिलाकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया गया। इसमें व्यवसायी संघ के अध्यक्ष पंडित रमेश तिवारी,महामंत्री पंडित कमल तिवारी,वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा.पवन शुक्ला,भानू मिश्रा राजू बाजोरिया,ऋषि झिगंरन,सिद्धार्थ भारद्वाज,प्रतीक देववंशी,अभिषेक केशरी आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story